Sensex Nifty में बढ़त के साथ कारोबार के संकेत, गिफ्ट निफ्टी में तेजी

भारतीय शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार (28 अप्रैल) को बढ़त के साथ कारोबार देखने को मिल सकता है। गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह 8.10 बजे के आसपास 36.50 अंकों की तेजी नजर आ रही है और ये 0.15% की वृद्धि के साथ 24,265.50 के स्तर के आसपास  मंडरा रहा है।   

इससे पहले शुक्रवार (25 अप्रैल) को भारतीय बाजार तेजी के साथ खुलने के बाद ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली के दबाव में फिसल कर लाल निशान में चले गये। बाजार में शुक्रवार को पहलगाम हमले की वजह से भारत-पाक के बीच बढ़ते तनाव का असर साफतौर से नजर आ रहा था। दोनों सूचकांक सत्र की शुरुआत में दिन के उच्च स्तर पर थे और लगभग 12 बजे इन्होंने दिन का निम्न स्तर छुआ। मगर, यहाँ से बाजार में खरीदारी आयी और ये सत्र समाप्ति तक ज्यादातर नुकसान की भरपाई करने में सफल रहे। इसके बावजूद ये हरे निशान में नहीं पहुँच सके और गिरावट के साथ सत्र समाप्त किया। एनएसई के निफ्टी में जहाँ 207.35 अंकों की नरमी आयी और ये 0.86% टूटकर 24,039.35 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, बीएसई का सेंसेक्स 588.90 अंक की सुस्ती के साथ 79,212.53 के स्तर पर पहुँच गया और 0.74% के नुकसान के साथ बंद हुआ।

एशिया के प्रमुख बाजार में आज मिलेजुले रुख के साथ कारोबार देखने को मिल रहा है। जापान के निक्केई में आज जहाँ 182.15 अंकों की तेजी है और ये 0.51% जोड़कर कारोबार कर रहा है। वहीं, हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में 61.87 अंकों की गिरावट है और ये 0.28% के नुकसान के साथ कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 8.55 अंकों की वृद्धि है और ये 0.34% की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट में 6.01 अंकों की नरमी है और ये 0.18% के अंतर के साथ कारोबार कर रहा है।

सभी प्रमुख यूरोपीय बाजार शुक्रवार (25 अप्रैल) को तेजी के रुख के साथ बंद हुए। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में जहाँ 7.81 अंकों की मामूली तेजी आयी और ये 0.09% की बढ़त के साथ 8,415.25 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 33.48 अंक जोड़कर 7,536.26 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट का डैक्स 30 (DAX30) भी 177.94 अंकों की उछाल के साथ 22,242.45 के स्तर पर आ गया, इसमें 0.80% की वृद्धि रही।

अमेरिका के प्रमुख बाजार में शुक्रवार (25 अप्रैल) को बढ़त के साथ कारोबार देखने को मिला। डॉव जोंस में जहाँ 20.10 अंकों की मामूली तेजी आयी और यह 0.05% जोड़कर 40,113.50 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट 1.26% या 216.90 अंक की बढ़त के साथ 17,382.94 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 40.44 अंक या 0.74% की वृद्धि के साथ 5,525.21 के स्तर पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 28 अप्रैल 2025)

(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)