
मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान केंद्रीय उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहेगी।
वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, तटीय कर्नाटक, दक्षिण कोंकण और गोवा के साथ-साथ उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के एक या दो स्थानों पर भारी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा झारखंड, शेष पश्चिम बंगाल, ओडिशा, विदर्भ, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, केरल और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। साथ ही तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण गुजरात, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश की संभावना है।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों की स्थिति पर नजर डालें तो ओडिशा, उत्तराखंड और तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के एक या दो स्थानों पर भारी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं कोंकण और गोवा, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश देखी गयी। इसके अलावा तमिलनाडु, दक्षिण गुजरात और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गयी।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार पर एक निम्न दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। मॉनसून की अक्षीय रेखा पंजाब से पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक उत्तर प्रदेश, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से होते हुए फैली हुई है। एक ट्रफ रेखा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल से होते हुए निम्न दबाव के क्षेत्र से पूर्वी असम तक फैली हुई है। उधर दक्षिणी राजस्थान और गुजरात पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और इससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा के आस-पास है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के निचले स्तर पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र देखा जा सकता है। (शेयर मंथन, 03 अगस्त 2018)