दुबई से इतना सोना बिना शुल्क ला सकते हैं भारत, महिलाओं की सीमा पुरुषों से ज्यादा

भारत की तुलना में दुबई में सोने की कीमत काफी कम है। भारत में लोग सोने के प्रति ज्यादा ही आकर्षित होते हैं और इसे एक सुरक्षित ठिकाने के तौर पर भी देखते हैं। हालाँकि भारत में सोने की कीमतों में इजाफा देखने को मिल रहा है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि दुबई से भारत में कितना सोना बिना सीमा शुल्क चुकाये लाया जा सकता है। 

केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और कस्टम बोर्ड के मुताबिक, शुल्क का भुगतान करने के बाद 6 महीने से अधिक समय तक दुबई में रहने वाला कोई भी भारतीय 1 किलोग्राम सोना लेकर आ सकता है। वे दुबई से सोने के सिक्के और सोने की छड़ें भी ला सकते हैं। वहीं इस सीमा से ज्यादा सोना ले जाने वाले भारतीयों को शुल्क योग्य सोने की घोषणा करनी होती है और वैधता के लिए रेड चैनल में एंट्री लेनी होती है।

ड्यूटी-फ्री सोने की लिमिट

पुरुष 20 ग्राम सीमा शुल्क मुक्त सोना छड़ों और सिक्कों के रूप में दुबई से भारत ला सकते हैं। महिलाओं के लिए ये सीमा दोगुनी है और वे 40 ग्राम कस्टम फ्री गोल्ड निजी इस्तेमाल के लिए गहने, सोने की छड़ें या सोने के सिक्के भारत लेकर आ सकती हैं। वहीं 15 साल से कम उम्र के बच्चे, गहने या गिफ्ट के तौर पर दुबई से भारत कस्टम फ्री 40 ग्राम तक सोना लेकर आ सकते हैं। अपने साथ सोना लेकर आने वाले भारतीयों के पास खरीदे गये सोने के दस्तावेज होने आवश्यक होते हैं।

कितना लगेगा शुल्क

पुरुषों के मामले में 20 ग्राम से अधिक और 50 ग्राम तक के सोने पर 3% की सीमा शुल्क दर लागू होती है। जबकि, 50-100 ग्राम के बीच लाये गये सोने पर 6% और 100 ग्राम से अधिक लाये सोने पर 10% की सीमा शुल्क दर लागू होती है। वहीं महिलाओं और बच्चों के मामले में 40 ग्राम से अधिक और 100 ग्राम तक सोने पर 3% की सीमा शुल्क दर लागू होती है। जबकि, 100-200 ग्राम के बीच लाये सोने पर 6% और 200 ग्राम से अधिक लाये गये सोने पर 10% की सीमा शुल्क दर लागू होती है।

(शेयर मंथन, 11 मार्च 2025)

(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)