गलत मेंबर आईडी से जुड़ जाये यूएएन तो इस तरह कर सकते हैं डीलिंक

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन हर पीएफ खाताधारक को अपने पीएफ खाते से संबंधित विवरण देखने और अन्य जरूरतों के लिए एक यूएएन संख्या प्रदान करता है। हालाँकि, अगर यूएएन किसी गलत मेंबर आईडी से लिंक होने पर पैसे निकालने में भी समस्या हो सकती है। इन समस्याओं को दूर करने के लिए ईपीएफओ ने एक नयी सुविधा शुरू की है।

ईपीएफओ की तरफ से दी जाने वाली इस सुविधा से मेंबर खुद गलत मेंबर आईडी को डीलिंक कर सकते हैं। इसके लिए एक प्रक्रिया से गुजरना होता है और इसके बाद गलत मेंबर आईडी आपके यूएएन से डीलिंक हो जायेगी। इस प्रक्रिया के दौरान सत्यापन के लिए आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी आयेगा, जिसे दर्ज करने के बाद डीलिंक करने की प्रक्रिया पूरी हो जायेगी। लेकिन, यहाँ पर एक बात का ध्यान रखना होगा। अगर जाने-अनजाने गलत आईडी नियोक्ता द्वारा लिंक कर दी गई है तो सदस्य इसे खुद डीलिंक नहीं कर पायेंगे। उसके लिए संबंधित नियोक्ता या ईपीएफओ कार्यालय जाकर इसे डीलिंक कराना होगा।

जानिये डीलिंक करने की प्रक्रिया

- इसके लिए, सबसे पहले यूनिफाइड मेंबर्स पोर्टल पर लॉगिन करना होगा।

- इसके बाद व्यू पर क्लिक करने के बाद सर्विस हिस्ट्री को सिलेक्ट करना होगा।

- यहाँ अपने यूएएन के साथ लिंक्ड गलत आईडी को तलाश करने के बाद डीलिंक के विकल्प को चुनने के बाद ओके पर क्लिक करना होगा।

- अब अगले पेज पर डीलिंक करने के कारण को सिलेक्ट करना होगा।

- यहाँ पर दो कंसेंट बॉक्स नजर आयेंगे, जिस पर क्लिक करने के बाद मोबाइल पर ओटीपी प्राप्त होगा।

- अब ओटीपी को सब्मिट करने के बाद सर्विस हिस्ट्री में डीलिंक्ड आईडी नहीं दिखाई देगी। इस तरह, गलत आईडी आपके यूएएन से हट जायेगी।

(शेयर मंथन, 07 अप्रैल 2025)

(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)