भारतीय शेयर बाजार में शनिवार (01 फरवरी) को कारोबार की सुस्त शुरुआत देखने को मिल सकती है। गिफ्ट निफ्टी शुक्रवार के दूसरे सत्र में 97.00 अंकों की गिरावट के साथ 0.41% की नरमी दर्ज करते हुए 23,533.00 के स्तर पर बंद हुआ। गिफ्ट निफ्टी में दो कारोबारी सत्र होते हैं, पहला सुबह 6.30 से 3.40 बजे शाम तक और दूसरा 4.35 से मध्यरात्रि 2.45 बजे तक। भारतीय बाजार शनिवार को आमतौर से बंद रहते हैं, मगर आज केंद्रीय बजट पेश होने की वजह से विशेष कारोबार सत्र का आयोजन किया जा रहा है।
इससे पहले शुक्रवार (31 जनवरी) को भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच हरे निशान में कारोबार देखने को मिला था। बाजार में ऊपर स्तरों पर मुनाफावसूली आयी, मगर ये तेजी के दायरे में बने रहे और निचले स्तरों पर खरीदारी आते ही पुन: ऊपर की चाल पकड़ ली। सत्र समाप्ति के समय बाजार एकदिनी उच्च स्तर से थोड़ा नीचे आ कर हरे निशान में बंद हुए। एनएसई के निफ्टी में जहाँ 258.90 अंकों की तेजी आयी और ये 1.11% जोड़ कर 23,508.40 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, बीएसई का सेंसेक्स 740.76 अंक की उछाल के साथ 77,500.57 के स्तर पर आ गया और 0.97% की बढ़त के साथ बंद हुआ।
एशिया के प्रमुख बाजार में आज शनिवार को कारोबार बंद है।
सभी प्रमुख यूरोपीय बाजार में शुक्रवार (31 जनवरी) को तेजी का रुख दर्ज किया गया। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में जहाँ 27.08 अंकों की तेजी आयी और ये 0.31% की उछाल के साथ 8,673.96 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 8.53 अंकों की बढ़त के साथ 7,950.17 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट का डैक्स 30 (DAX30) 4.85 अंकों की तेजी के साथ 21,732.05 के स्तर पर आ गया और 0.02% जोड़ कर बंद हुआ।
अमेरिका के प्रमुख बाजार में शुक्रवार (31 जनवरी) को नरमी के रुख के साथ कारोबार देखने को मिला। डॉव जोंस में जहाँ 337.47 अंकों की गिरावट आयी और यह 0.75% के नुकसान के साथ 44,544.66 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट में 0.28% या 54.31 अंकों नरमी दर्ज की गयी और यह 19,627.44 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 भी 30.64 अंक या 0.50% टूट कर 6,040.53 के स्तर पर बंद हुआ।
(शेयर मंथन, 01 फरवरी 2025)
(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)
Add comment