भारतीय शेयर बाजार में सोमवार (03 फरवरी) को कारोबार की सुस्त शुरुआत देखने को मिल सकती है। गिफ्ट निफ्टी आज सुबह 8.00 बजे 174.50 अंकों की गिरावट के साथ 0.74% की नरमी दर्ज करते हुए 23,374.00 के स्तर के आसपास मंडरा रहा है।
इससे पहले शनिवार (01 फरवरी) को केंद्रीय बजट पेश किया गया था, जिसके लिए भारतीय शेयर बाजार का विशेष सत्र आयोजित किया गया था। शनिवार को बजट पेश होने से पहले बाजार हरे निशान में खुलने के तुरंत बाद फिसल कर लाल निशान चले गये थे। मगर तीव्र वापसी के साथ ये फिर से तेजी के दायरे में लौट आये। बाजार एक बार फिर तीव्र मुनाफावसूली के दबाव में टूट कर लाल निशान में चले गये। इसके बाद दोनों सूचकांक संभल नहीं पाये और उतार-चढ़ाव के बीच कारोबार करते रहे। बाजार सत्र समाप्ति के समय अस्थिरता के बीच मिलेजुले रुख के साथ बंद हो गये। एनएसई के निफ्टी में जहाँ 26.25 अंकों की नरमी आयी और ये 0.11% टूट कर 23,482.16 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, बीएसई का सेंसेक्स 5.39 अंक की तेजी के साथ 77,505.96 के स्तर पर आ गया और 0.01% की बढ़त के साथ बंद हुआ।
एशिया के प्रमुख बाजार में आज नरमी का रुख देखने को मिल रहा है। जापान के निक्केई में जहाँ 959.53 अंकों की गिरावट दिखायी दे रही है और ये 2.42% के नुकसान के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं, हॉन्ग कॉन्ग के हेंग सेंग में 394.63 अंकों की नरमी है और ये 1.95% की सुस्ती के साथ कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 70.20 अंकों का नुकसान है और ये 2.79% की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट में आज कारोबार बंद है।
सभी प्रमुख यूरोपीय बाजार में शुक्रवार (31 जनवरी) को तेजी का रुख दर्ज किया गया। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में जहाँ 27.08 अंकों की तेजी आयी और ये 0.31% की उछाल के साथ 8,673.96 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 8.53 अंकों की बढ़त के साथ 7,950.17 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट का डैक्स 30 (DAX30) 4.85 अंकों की तेजी के साथ 21,732.05 के स्तर पर आ गया और 0.02% जोड़ कर बंद हुआ।
अमेरिका के प्रमुख बाजार में शुक्रवार (31 जनवरी) को नरमी के रुख के साथ कारोबार देखने को मिला। डॉव जोंस में जहाँ 337.47 अंकों की गिरावट आयी और यह 0.75% के नुकसान के साथ 44,544.66 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट में 0.28% या 54.31 अंकों नरमी दर्ज की गयी और यह 19,627.44 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 भी 30.64 अंक या 0.50% टूट कर 6,040.53 के स्तर पर बंद हुआ।
(शेयर मंथन, 03 फरवरी 2025)
(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)
Add comment