
टाटा मोटर्स (Tata Motors) की यूके में स्थित सहायक कंपनी जेगुआर लैंड रोवर (Jaguar Land Rover) की जून बिक्री में साल दर साल आधार पर गिरावट आयी है।
कंपनी ने जून 2018 के मुकाबले 2019 की समान अवधि में 9.6% कम 47,060 गाड़ियाँ बेचीं। इनमें जेगुआर की बिक्री 8.5% की गिरावट के साथ 14,933 इकाई और लैंड रोवर की बिक्री 10.1% घट कर 32,127 इकाई रह गयी।
वहीं चालू वित्त वर्ष की अब तक की अवधि (अप्रैल-जून) में देखें तो जेगुआर लैंड रोवर की बिक्री 11.6% घट कर 1,28,615 इकाई, जेगुआर की बिक्री 10.4% गिर कर 39,540 इकाई और लैंड रोवर की बिक्री 12.1% की गिरावट के साथ 89,075 इकाई रह गयी।
जून में क्षेत्र के लिहाज से देखें तो उत्तरी अमेरिका में कंपनी के वाहनों की बिक्री में 9.0% की गिरावट दर्ज की गयी। वहीं यूके में 4.6% की वृद्धि और यूरोप में 11.7% की गिरावट दर्ज की गयी। चीन में जेगुआर लैंड रोवर की बिक्री में 12.3% की गिरावट दर्ज की गयी।
बीएसई में टाटा मोटर्स का शेयर 155.75 रुपये के पिछले बंद भाव की तुलना में 156.05 रुपये पर खुला। शुरुआत में ही लाल निशान में पहुँचने के बाद यह दोबारा हरे निशान में नहीं आ सका।
कारोबार के अंत में टाटा मोटर्स का शेयर 4.35 रुपये या 2.79% की गिरावट के साथ 151.40 रुपये पर बंद हुआ। इस भाव पर टाटा मोटर्स की बाजार पूँजी 43,714.46 करोड़ रुपये है। वहीं इसके पिछले 52 हफ्तों का शिखर 282.00 रुपये और निचला स्तर 141.90 रुपये रहा है। (शेयर मंथन, 10 जुलाई 2019)
Add comment