शेयर मंथन में खोजें

दिल्ली में भाजपा की प्रचंड जीत से शेयर बाजार में लौटेगा भरोसा: मोतीलाल ओसवाल

शेयर बाजार में करीब 5 महीने से बने दबाव के बीच दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत राहत साबित हो सकती है। ब्रोकर एवं शोध-परामर्श सेवाएँ देने वाली कंपनी मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि भाजपा ने दिल्ली के हालिया विधानसभा चुनाव में जो सफलता हासिल की है, वह न केवल पार्टी के लिए एक मील का पत्थर है, बल्कि शेयर बाजार के लिए भी स्थिरता ला सकती है।

24 साल बाद दिल्ली में हुई भाजपा की वापसी

केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार चला रही भाजपा को दिल्ली विधानसभा चुनाव में शानदार सफलता मिली है। भाजपा राज्य में सत्तासीन आम आदमी पार्टी (आप) को निर्णायक रूप से पराजित कर विजेता बनकर उभरी है। दिल्ली की 70 में से 48 सीटें भाजपा के खाते में आयी हैं। सरकार बनाने के लिए 36 सीटों की जरूरत होती है, यानी भाजपा प्रचंड बहुमत लेकर विजेता बनी है। यह चुनाव परिणाम इस मायने में ऐतिहासिक है कि दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की वापसी हुई है।

बाजार में भी स्थिरता ला सकती है भाजपा की जीत

मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि इस चुनाव परिणाम के सिर्फ राजनीतिक मायने नहीं हैं। यह परिणाम राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक स्थिरता के साथ बाजार में भी स्थिरता लाने वाला साबित हो सकता है। मोतीलाल का कहना है, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डबल इंजन’ के आह्वान का असर स्पष्ट रूप से शहरी मतदाताओं और विशेष रूप से मध्यम वर्ग पर हुआ है, जिन्होंने बेहतर शहरी बुनियादी ढाँचे और आर्थिक सुधारों के वादों के लिए भाजपा को स्पष्ट वरीयता दी है।

इन क्षेत्रों में बन रही हैं संभावनाएँ

मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि दिल्ली के चुनाव परिणाम भारतीय शेयर बाजार में जोश भर सकते हैं। इस परिणाम से निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा। इससे खास तौर पर रियल एस्टेट, बुनियादी ढाँचा और वित्तीय सेवाओं जैसे क्षेत्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों को राजनीतिक स्थिरता से लाभ हो सकता है। इनके अलावा शहरी बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं, शहरी विकास और उपभोक्ता व्यय पर केंद्रित कंपनियों में भी माँग तेज हो सकती है। निवेशकों को इन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इस चुनाव परिणाम के व्यापक आर्थिक असर निवेश की रणनीतियों तक होंगे। इसके चलते लंबी अवधि में निवेश के लिए सरकार से जुड़े क्षेत्र आकर्षक होंगे।

लगातार पाँचवें दिन लुढ़का शेयर बाजार

सोमवार (10 फरवरी) को बाजार लगातार पाँचवें दिन नुकसान में रहा। सोमवार को बीएसई का सेंसेक्स 548.39 अंक (0.70%) गिरकर 77,311.80 अंक पर बंद हुआ। एनएसई का निफ्टी 50 सप्ताह के पहले दिन 178.35 अंक (0.76%) लुढ़ककर 23,381.60 अंक पर बंद हुआ।

(शेयर मंथन, 10 फरवरी 2025)

(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"