
हिमाचल प्रदेश के शिमला स्थित कोटखाई (Kotkhai) में हुए गुड़िया सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामले में केंद्रीय जाँच ब्यूरो (CBI) ने कई उच्चाधिकारियों समेत आठ पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। मामले के एक आरोपी की पुलिस हिरासत में मौत के मामले में मंगलवार को सीबीआई ने जिन पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है, उनमें आईजी और डीएसपी शामिल हैं।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai) में सोमवार की रात से लगातार हो रही बारिश के कारण पूरा शहर अव्यवस्था का शिकार हो गया है। सभी प्रमुख सड़क मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गयी। रेल और हवाई सेवा पर भी इसका असर पड़ा है।
लगातार हो रही बारिश के बीच मुंबई के कई इलाकों में काफी जलजमाव हो गया है और बिजली काट दी गयी है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में अगले दो दिन तक भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है।
बेनामी संपत्ति के मामले में आय कर विभाग ने मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, उनकी बहन मीसा भारती से कई घंटों तक लंबी पूछताछ की।
डेरा सच्चा सौदा के मुख्यालय सिरसा में स्थिति सामान्य होने के कारण मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक कर्फ्यू में 12 घंटे की ढील दी गयी। सिरसा में बस सेवा बहाल हो गयी है। पूरे हरियाणा में छह दिन से बंद इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गयी है।
गोरखपुर के बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज (BRD Medical College) में बड़ी संख्या में बच्चों की मौत के मामले में कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉक्टर राजीव मिश्रा और उनकी पत्नी डॉक्टर पूर्णिमा शुक्ला को उत्तर प्रदेश के स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने मंगलवार को पूछताछ के लिए कानपुर से हिरासत में ले लिया।
लखनऊ के लोक भवन में हुई कैबिनट की बैठक में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्य नाथ की सरकार ने समूह 'ख', 'ग' व 'घ' के अराजपत्रित पदों पर भर्ती में साक्षात्कार की व्यवस्था खत्म करने फैसला किया है। विधान सभा चुनाव से पहले अपने संकल्प पत्र में भारतीय जनता पार्टी ने ऐसा करने का वादा किया था।
महाराष्ट्र के नजदीक भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण नागपुर-मुंबई दूरंतो एक्सप्रेस के इंजन सहित नौ डिब्बे आसनगाँव और वसिंद के बीच मंगलवार की सुबह पटरी से उतर गये। घटना में किसी भी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है।
राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देवेंद्र झझारिया और हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गाँधी खेल रत्न से नवाजा। राष्ट्रपति ने महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर सहित 16 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार दिया।
हरियाणा सरकार ने ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी कुरुक्षेत्र को पवित्र शहर घोषित कर दिया है। राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद पालिका थानेसर और पेहोवा में माँस और इससे जुड़े उत्पाद की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लग जायेगा। (शेयर मंथन, 29 अगस्त 2017)