शेयर मंथन में खोजें

बाजार में किधर होगी आज की एकदिनी चाल?

राजीव रंजन झा : आज सुबह अंतरराष्ट्रीय बाजारों में गिरावट के बीच भारतीय बाजार ने भी कमजोर शुरुआत की है, लेकिन सुबह के कारोबार में यह 5800 के ऊपर टिकने की कोशिश कर रहा है।
हालाँकि यह इसमें सफल होकर इन स्तरों से वापस सँभल पायेगा या नहीं, यह यूरोपीय बाजारों की चाल पर निर्भर रहेगा। लिहाजा यूरोपीय बाजारों में आज किस तरह की शुरुआत होती है, इस पर खास नजर रखनी होगी। सप्ताहांत के बीच अचानक यूरोपीय देश साइप्रस में वित्तीय संकट से उबरने के लिए कड़े कदमों की खबर से वैश्विक बाजारों में कुछ घबराहट फैली है। यह घबराहट ज्यादा बढ़ने वाली है या सीमित असर डालने वाली है, इसका संकेत यूरोपीय बाजारों की आज की चाल से मिलेगा। 
शुक्रवार को बाजार की दिशा के लिए मैंने सकारात्मक रुझान की उम्मीद जताने के साथ यह कहा था कि 5920 पार करने पर 5940-5950 के स्तरों की उम्मीद रहेगी और इसके आगे 5971 का भी लक्ष्य माना जा सकता है। उस दिन निफ्टी अपने पहले लक्ष्य तो जा सका, लेकिन उसके बाद बिकवाली की चपेट में आ गया। इसने फिर से 50 दिनों के सिंपल मूविंग एवरेज (एसएमए) पर बाधा ली। मोटी बात यही है कि बाजार में किसी अच्छी तेजी के लिए निफ्टी का 50 एसएमए को ठीक से पार करना और उसके बाद 5970-6000 के बाधा स्तर को पार करना जरूरी है। 
वहीं नीचे की ओर इस समय 5780-5820 का एक दायरा बन रहा है, जहाँ निफ्टी को अच्छा सहारा मिलना चाहिए। दरअसल आज सुबह के कारोबार में निफ्टी का निचला स्तर 5814 का है। निफ्टी की सबसे ताजा उछाल 5664 से 5971 की थी, जिसकी वापसी वाली संरचना में 50% का स्तर 5817 पर आता है। इसके नीचे 5780 का स्तर 61.8% वापसी का है। 
लिहाजा यह कह सकते हैं कि 5815-5820 के आसपास सहारा मिल जाने पर यहाँ से सँभलने की भी उम्मीद रखी जा सकती है, जबकि ऐसा नहीं होने पर 5780 पर नजर रहेगी। पिछले हफ्ते का निचला स्तर भी इसके पास 5792 का है। मोटे तौर पर 5760-5790 के स्तरों के टूटने पर 5664 की ताजा तलहटी की ओर लौटने की संभावना काफी बढ़ जायेगी। 
बहरहाल, आज के कारोबार में सुबह-सुबह निफ्टी 5820-5840 के बीच एक दायरा बना रहा है। यह दायरा जिधर भी टूटेगा, उधर एकदिनी चाल तो मिल ही जायेगी। Rajeev Ranjan Jha
(शेयर मंथन, 18 मार्च 2013)

Add comment

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"