
मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर में अधिकांश स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर ओले पड़ने की भी संभावना है। उत्तराखंड में एक-दो जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि तमिलनाडु और केरल के कुछ भागों में आगामी 24 घंटों के दौरान बारिश बढ़ेगी। इन भागों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम के साथ एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी-तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी-आंतरिक कर्नाटक और तटीय कर्नाटक में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मिजोरम, मणिपुर, नागालैंड, असम और त्रिपुरा में भी कुछ जगहों पर हल्की वर्षा देखने को मिल सकती है।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान तटीय ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल के शहरों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश रिकॉर्ड की गयी। वहीं मिजोरम, असम, छत्तीसगढ़ और त्रिपुरा में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई। तटीय तमिलनाडु में भी एक-दो स्थानों पर बारिश देखने को मिली।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू-कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी उत्तर भारत की तरफ आता दिखायी दे रहा है, जो इस समय अफगानिस्तान पर है। उधर बंगाल की खाड़ी में उत्तरी आंध्र प्रदेश और इससे सटे दक्षिणी तटीय ओडिशा के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के तटीय भागों पर भी एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है। दूसरी ओर अरब सागर में भी कर्नाटक के तटों के पास एक चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी भागों पर उत्तर-पूर्वी मॉनसून का आगमन लगभाग हो चुका है। जल्द ही यह और आगे बढ़ेगा। (शेयर मंथन, 31 अक्टूबर 2018)