
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार (24 मार्च) को सतर्क कारोबार देखने को मिल सकता है। गिफ्ट निफ्टी में आज सुबह 8.10 बजे के आसपास 4.00 अंकों की मामूली सुस्ती नजर आ रही है और ये 0.02% की नरमी के साथ 23,474.00 के स्तर के आसपास मंडरा रहा है।
इससे पहले शुक्रवार (21 मार्च) को भारतीय शेयर बाजार ने नरमी के साथ कारोबारी सत्र की शुरुआत की थी। मगर शुरुआती एकदिनी करेक्शन के बाद बाजार जल्द ही सँभले और हरे निशान में वापसी की। इसके बाद पूरे दिन बाजार में तेजी बनी रही और इसने पलट कर नहीं देखा। शुरुआती सत्र में दिन का निम्न स्तर छूने के बाद 1.00 बजे के आसपास बाजार दिन के उच्च स्तर पर थे। यहाँ से बाजार हरे निशान में रहते हुए थोड़ा नरम हुए, मगर मजबूती के साथ आगे बढ़ते रहे। शाम को सत्र समाप्ति पर निर्णायक बढ़त के साथ कारोबारी सत्र समाप्त किया। एनएसई के निफ्टी में जहाँ 159.75 अंकों की तेजी आयी और ये 0.69% जोड़कर 23,350.40 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, बीएसई के सेंसेक्स में 557.45 अंक की उछाल आयी, ये 76,905.51 के स्तर पर आ गया और 0.73% की बढ़त के साथ बंद हुआ।
एशिया के प्रमुख बाजार में आज भी मिलेजुले रुख के साथ सपाट कारोबार हो रहा है। जापान के निक्केई में जहाँ 0.09 अंकों की नरमी है और ये किसी अंतर के बिना कारोबार कर रहा है। वहीं, हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में 17.45 अंकों की तेजी है और ये 0.07% की उछाल के साथ कारोबार कर रहा है। दक्षिण कोरिया के कोस्पी में आज 0.37 अंकों की सुस्ती है और ये 0.01% की नरमी के साथ कारोबार कर रहा है। शंघाई कंपोजिट में 5.86 अंकों की बढ़त नजर आ रही है और ये 0.17% जोड़कर कारोबार कर रहा है।
सभी प्रमुख यूरोपीय बाजार शुक्रवार (21 मार्च) को लाल निशान में बंद हुए। लंदन के एफटीएसई 100 (FTSE 100) में जहाँ 55.20 अंकों की नरमी आयी और ये 0.64% की गिरावट के साथ 8,646.79 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, पेरिस का बेंचमार्क इंडेक्स कैक 40 (CAC 40) 51.25 अंक टूटकर 8,042.95 के स्तर पर बंद हुआ। फ्रैंकफर्ट का डैक्स 30 (DAX30) 107.47 अंकों की गिरावट के साथ 22,891.68 के स्तर पर आ गया और 0.47% के नुकसान के साथ बंद हुआ।
अमेरिका के प्रमुख बाजार में शुक्रवार (21 मार्च) को तेजी दर्ज की गयी थी। डॉव जोंस में जहाँ 32.03 अंकों की तेजी आयी और यह 0.08% की मामूली बढ़त के साथ 41,985.35 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नैस्डैक कंपोजिट में 0.52% या 92.42 अंकों की उछाल देखने को मिली और यह 17,784.05 के स्तर पर बंद हुआ। एसऐंडपी 500 भी 4.67 अंक या 0.08% जोड़कर 5,667.56 के स्तर पर बंद हुआ।
(शेयर मंथन, 24 मार्च 2025)
(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)
Add comment