
सोना लगातार नयी ऊँचाइयाँ छू रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति की नीतियों के कारण पैदा हुई वैश्विक अनिश्चितताओं, मध्य-पूर्व संकट और डॉलर की कमजोरी के कारण कॉमेक्स पर सोने का भाव 3100 डॉलर के पार निकल गया है। इसे देखते हुए गोल्डमैन साच्स समूह ने सोने के लिए अपना लक्ष्य बढ़ाकर 3300 डॉलर कर दिया है। बैंक ऑफ अमेरिका के मुताबिक सोना 3500 डॉलर तक पहुँच सकता है। वहीं, दूसरी संस्थायें भी सोने में तेजी के कयास लगा रही हैं।
गोल्डमैन साच्स ने क्यों बढ़ाया लक्ष्य?
गोल्डमैन साच्स का कहना है दुनिया के केंद्रीय बैंक जम कर सोने की खरीदारी कर रहे हैं। गोल्ड ईटीएफ में भी निवेशकों का खूब पैसा लग रहा है। वहीं, कीमतों में तेजी के बाद भी सोने की माँग कम नहीं हो रही है। पहले उसने 3100 डॉलर का लक्ष्य दिया था। गोल्डमैन साच्स का मानना है कि 2025 के अंत तक सोने का भाव 3300 डॉलर तक जा सकता है।
क्या बताते हैं आँकड़े?
अगर सिर्फ केंद्रीय बैंकों की सोने की खरीद की बात करें तो बीते 3 सालों से वैश्विक स्तर पर केंद्रीय बैंकों ने 1000 टन से ज्यादा सोना खरीदा है। 2024 में दुनिया के सभी सेंट्रल बैंकों ने कुल 1045 टन सोना खरीदा है। सोने की ये खरीद बताती है कि बैंक दुनिया में बढ़ रही अनिश्चितताओं को लेकर चिंतित हैं। वहीं, अगर ईटीएफ को देखें तो भारत में ही उसमें निवेशकों का रुझान बढ़ रहा है। ये रुझान सोने की तेजी और बढ़ाने का काम कर रहा है। एम्फी के आँकड़े बताते हैं कि 2025 के शुरुआती दो महीनों यानी जनवरी फरवरी में लोगों ने जमकर ईटीएफ में पैसा लगाया है। जनवरी में रिकॉर्ड 3751 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जबकि फरवरी में 1980 करोड़ रुपये निवेशकों ने लगाये हैं।
सेंट्रल बैंकों की सोने की खरीद
वर्ष टन
2019 605
2020 255
2021 450
2022 1080
2023 1051
2024 1045
गोल्ड ETF की होल्डिंग
देश होल्डिंग (टन) माँग बढ़ी
अमेरिका 1,648 5%
चीन 131 19%
स्विट्जरलैंड 322 1%
भारत 64 4%
जापान 42 4%
गोल्ड ETF में बढ़ा निवेश
करोड़ (MoM)
अगस्त 2024 1611
सितंबर 2024 1233
अक्टूबर 2024 1962
नवंबर 2024 1257
दिसंबर 2024 640
जनवरी 2025 3751
फरवरी 2025 1980
बैंक ऑफ अमेरिका का मानना है कि सोने की कीमतों में तेजी आगे भी जारी रहेगी। साल के अंत तक सोने का भाव 3500 डॉलर प्रति औंस तक पहुँच सकता है। मैक्वेरी ग्रुप ने भी साल के अंत तक सोने का भाव 3500 डॉलर तक पहुँचने, जबकि यूबीएस 3200 डॉलर तक पहुँचने का अनुमान जताया है।
सोने पर ब्रोकर्स की राय
लक्ष्य प्रति औंस (डॉलर)
गोल्डमैन साच्स 3300
यूबीएस 3200
बैंक ऑफ अमेरिका 3500
सिटी ग्रुप 3200
मैक्वेरी ग्रुप 3500
(शेयर मंथन, 29 मार्च 2025)
(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)