
मौसम भविष्यवक्ता एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, तटीय आंध्र प्रदेश, आंतरिक तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप के एक दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर-पश्चिमी मैदानी इलाकों में शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा।
देश में पिछले 24 घंटों के दौरान दर्ज किया गया मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान केरल के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश देखी गयी। आंध्र प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गयी। लक्षद्वीप, मेघालय, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के पहाड़ी इलाकों को पर हल्की बारिश हुई। मध्य प्रदेश, छतीसगढ़, तेलंगाना, गुजरात और महाराष्ट्र में कुछ स्थानों के न्यूनतम तापमान गिरे। वहीं पंजाब और छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरा देखा गया। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर मध्यम कोहरा छाया रहा। दिल्ली में प्रदूषण खराब श्रेणी में बना रहा।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा ओडिशा से आंध्र प्रदेश और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक से होते हुए तमिलनाडु की ओर जा रही है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र कोमोरिन क्षेत्र पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिण-पूर्वी अरब सागर से हिन्द महासागर की ओर जा रही है। (शेयर मंथन, 28 दिसंबर 2018)