
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट (Skymet) के मुताबिक आने वाले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश भागों, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की गतिविधियाँ जारी रहने के असार हैं।
इसके अलावा ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय भागों, आंतरिक तमिलनाडु और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक के भागों में छिटपुट बारिश जारी रहने की उम्मीद है। वहीं रायलसीमा और पूर्वोत्तर बिहार के एक-दो स्थानों में भी बारिश होने की संभावना है। जबकि विदर्भ, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के भागों में लू का प्रकोप जारी रह सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल
बीते 24 घंटों के दौरान विदर्भ के अधिकांश भागों और तेलंगाना, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के भागों पर लू का प्रकोप देखा गया है। वहीं दक्षिणी-आंतरिक कर्नाटक, असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में गरज के साथ भारी बारिश देखी गयी है। इसके अलावा उत्तर-पूर्वी राज्यों, केरल, आंध्र प्रदेश, आंतरिक तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी छिटपुट बारिश की गतिविधियाँ देखने को मिली हैं।
देश भर में बने मौसमी सिस्टम
वर्तमान में दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिणी छत्तीसगढ़ के भागों पर बना हुआ है। इस सिस्टम के कारण तेलंगाना, रायलसीमा, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु से कोमोरिन क्षेत्र तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है। इसके अलावा केरल और इससे सटे हुए इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं सिक्किम से बांग्लादेश होते हुए उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ रेखा फैली हुई है। (शेयर मंथन, 28 मई 2019)