शेयर मंथन में खोजें

मार्च में अव्वल रहा भारतीय बाजार, आगे अच्छी संभावनाएँ : मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल

मार्च में भारतीय बाजार न सिर्फ लगातार 5 महीने से चली आ रही गिरावट से उबरने में सफल हुआ, बल्कि वृद्धि के मामले में अन्य वैश्विक बाजारों से भी आगे निकल गया। अब मोतीलाल ओसवाल की एक ताजा रिपोर्ट आगे की संभावनाओं के बारे में बता रही है।

वैश्विक बाजारों में भारी बिकवाली के बीच आज घरेलू बाजार ने भी गोता लगा दिया। भारतीय बाजार में सप्ताह के पहले दिन कारोबार की शुरुआत ही भारी नुकसान के साथ हुई। पूरे दिन बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी जैसे प्रमुख सूचकांक भारी बिकवाली के दबाव से उबर नहीं पाये। शाम में जब कारोबार समाप्त हुआ, तब सेंसेक्स 2,226.79 अंक (2.95%) के नुकसान में 73,137.90 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 742.85 अंक (3.24%) के नुकसान में 22,161.60 अंक पर रहा। हालाँकि भारतीय बाजार के लिए भविष्य की संभावनाएँ बेहतर लग रही हैं।

मोतीलाल ओसवाल की रिपोर्ट में उम्मीद की किरण

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की एक ताजा रिपोर्ट भारतीय निवेशकों के लिए उम्मीद की किरण लेकर आयी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत आने वाले समय में अपने वैश्विक प्रतिस्पर्धियों की तुलना में बेहतर कमाई के लिए तैयार है। रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय बाजार ने पिछले महीने यानी मार्च 2025 में वैश्विक बाजारों को मात दी और आगे भी यह बेहतर रहने वाला है। यह उम्मीद ठोस वृहद (मैक्रो) आर्थिक बुनियाद, सुदृढ़ घरेलू अर्थव्यवस्था और भारत पर व्यापार युद्ध के सीमित असर की संभावना के आधार पर जाहिर की गयी है।

अगले 2 साल में कमाई इतना बढ़ने की उम्मीद

मोतीलाल ओसवाल की इंडिया चार्टबुक स्ट्रैटेजी रिपोर्ट भारत के लिए एक सकारात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है। रिपोर्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि भारत की दीर्घकालिक संभावनाएँ मजबूत बुनियाद पर टिकी हुई हैं। इसमें अनुमान लगाया गया है कि भारतीय बाजार की कंपनियों की आय वृद्धि (earnings growth) की दर (CAGR) अगले 2 साल में करीब 14% रहने वाली है। यह वैश्विक बाजारों की तुलना में बेहतर रहने की उम्मीद है। 

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल के हिसाब से इस साल (कैलेंडर वर्ष 2025 में) भारत में आय वृद्धि दर 13.6% रह सकती है। इस साल ब्राजील (18.6%), ताईवान (26.7%), दक्षिण कोरिया (29.5%) और इंडोनेशिया (35.8%) की संभावनाएँ भारत से बेहतर हैं, लेकिन 2026 में भारत की संभावित आय वृद्धि 14.7% से आगे सिर्फ ताईवान (15%) और दक्षिण कोरिया (18.7%) के रहने के अनुमान हैं।

बीते 6 महीने में सबसे ज्यादा घटा भारत का मूल्यांकन

रिपोर्ट के अनुसार, बीते 6 महीने के दौरान दुनिया के ज्यादातर बाजारों के मूल्यांकन में कमी आयी है। भारतीय बाजार के लिए यह गिरावट सबसे तेज 24% रही है। भारत के बाद सबसे तेज 17% की गिरावट इंडोनेशिया में आयी है। वहीं दूसरी ओर, इस दौरान चीन के बाजार का मूल्यांकन 3% और जर्मनी के बाजार का मूल्यांकन 5% बढ़ गया है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल का कहना है कि मूल्यांकन भले ही कम हुआ हो, लेकिन कमाई में वृद्धि की संभावनाएँ बेहतर बनी हुई हैं।

मार्च में सबसे आगे रहे भारत और ब्राजील

रिपोर्ट में बताया गया है कि मार्च 2025 में भारतीय बाजार ने अधिकांश वैश्विक बाजारों को पीछे छोड़ दिया। बीते महीने में भारत (निफ्टी) और ब्राजील के बाजार में 9% की तेजी आयी। इस दौरान जर्मनी में 2% और चीन में 1% की तेजी देखी गयी। एमएससीआई इमर्जिंग मार्केट्स सूचकांक, रूस, फ्रांस और ब्रिटेन के बाजार लगभग स्थिर रहे। दूसरी ओर, कोरिया में 3%, जापान में 4%, अमेरिका (एसएंडपी 500) में 6% और ताईवानी बाजार में 11% गिरावट आयी। रिपोर्ट में सभी बाजारों के प्रदर्शन डॉलर मूल्य के हिसाब से हैं।

(शेयर मंथन, 08 अप्रैल 2025)

(आप भी किसी शेयर, म्यूचुअल फंड, कमोडिटी आदि के बारे में जानकारों की सलाह पाना चाहते हैं, तो सवाल भेजने का तरीका बहुत आसान है! बस, हमारे व्हाट्सऐप्प नंबर +911147529834 पर अपने नाम और शहर के नाम के साथ अपना सवाल भेज दें।)

कंपनियों की सुर्खियाँ

निवेश मंथन पत्रिका

देश मंथन के आलेख

विश्व के प्रमुख सूचकांक

निवेश मंथन : ग्राहक बनें

शेयर मंथन पर तलाश करें।

Subscribe to Share Manthan

It's so easy to subscribe our daily FREE Hindi e-Magazine on stock market "Share Manthan"